ससुर ने बहू और उसके मायके वालों पर बेटे को गायब करने तथा रुपये, सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान हड़पने का आरोप लगाया है। न्यायालय के निर्देश पर टाउन थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
टाउन थाना क्षेत्र के हालामाला पंचायत स्थित बालूबाड़ी निवासी मोहम्मद तैयब के अनुसार, उनके बेटे असलम रजा का निकाह मियां बस्ती धरमगंज निवासी अंशू बेगम से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। शादी के कुछ माह बाद उन्होंने अंशू बेगम के मायके वालों को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस मांगने तक सबकुछ ठीक चल रहा था।
आरोप है कि 17 अप्रैल को असलम रजा और उसकी पत्नी अंशू बेगम, तैयब द्वारा दिए गए पांच भरी सोने के जेवरात, 25 भरी चांदी के जेवरात, कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर मायके चले गए। इसके बाद दोनों धरमगंज में ही रहने लगे।
तैयब के अनुसार, 6 जून 2025 को उन्हें सूचना मिली कि असलम रजा को बुरी तरह दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने पर वह धरमगंज पहुंचे, लेकिन असलम का कोई पता नहीं चला। बेटे की तलाश के लिए पुलिस से गुहार लगाने के बावजूद मदद नहीं मिलने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर टाउन थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment