Top News

मखाना फोड़ी में मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कोढ़ा। थाना क्षेत्र की मकदमपुर पंचायत स्थित एक मखाना फोड़ी में काम करने वाले करीब 45 वर्षीय मजदूर सुबोध साह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक कुरसेला थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। घटना के बाद परिजनों ने मखाना फोड़ी के मालिक सुनील कुमार पर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस को परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई थी और हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।

परिजनों के अनुसार, सुबोध मखाना फोड़ी में मजदूरी करता था। मौत की सूचना मिलने पर उसकी पत्नी, बच्चे और अन्य परिजन कोढ़ा थाना के सामने शिव मंदिर के पास पहुंचे। एंबुलेंस में शव देखते ही पत्नी और परिजन रोने-बिलखने लगे। मौके पर काफी देर तक गमगीन माहौल रहा।

छत से गिरने की बात कह रहा मालिक

मखाना फोड़ी के मालिक सुनील कुमार ने हत्या के आरोप को गलत बताया। उन्होंने कहा कि सुबोध रात में फोड़ी की छत पर सोया था। सुबह वह छत के नीचे पड़ा मिला। उनके अनुसार, छत से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है। वहीं, परिजन इसे संदिग्ध मौत बताते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया। परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वे पुलिस को लिखित आवेदन देंगे। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

सुबोध अपने पीछे चार बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले सुबोध की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post