रौतारा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला किए जाने के मामले में नवपदस्थापित थानाध्यक्ष मन्नू ओझा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी के नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखटोला निवासी मोहम्मद सरवर, पिता मोहम्मद मुल्तान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रौतारा थाना क्षेत्र निवासी बीरबल कुमार ठाकुर (25), पिता पोप लाल ठाकुर पर चाकू से हमला किया गया था। घटना में वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में नामजद आरोपी मोहम्मद सरवर को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष मन्नू ओझा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में रौतारा थाना कांड संख्या 185/26, दिनांक 22 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 118(1), 109, 351(2) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
Post a Comment