सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर शुक्रवार को कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोलासी पुलिस शिविर के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात समेत अन्य दस्तावेजों की जांच की गई।
अभियान का नेतृत्व कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने किया। पुलिस जवानों ने वाहनों की बारीकी से जांच करते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और जरूरी कागजात साथ रखने के लिए जागरूक किया गया।
कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। वाहन चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के आवश्यक कागजात साथ रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर समय-समय पर वाहन जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
Post a Comment