राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई पर धर्मकांटा चौक से सियालडांगा चौक के बीच करीब तीन किलोमीटर का हिस्सा इन दिनों हादसों का डेंजर जोन बनता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में इस मार्ग पर दर्जनों लोग सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवा चुके हैं। बुधवार की रात भी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे धर्मकांटा और पीकू पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। मृतकों की पहचान नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5, क्लब फील्ड निवासी दीप कुंडू (22) और शिवम (18) के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से निजी काम से चुरली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर कुर्लीकोट पुलिस और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों शवों को ठाकुरगंज अस्पताल लाया गया। पुलिस के सहयोग से शिवम के शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेजा गया, जबकि दीप के परिजनों के लिखित अनुरोध पर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर ली है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
कुर्लीकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर ली गई है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
सड़क किनारे ट्रकों की पार्किंग से बढ़ रहा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, धर्मकांटा चौक से सियालडांगा चौक के बीच आए दिन सड़क हादसे होते हैं। शाम होते ही सड़क किनारे बड़े ट्रकों की बेतरतीब पार्किंग से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से वाहनों की गति नियंत्रित कराने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है। दो युवकों की मौत के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Post a Comment