कुरसेला नगर पंचायत में कार्यरत करीब 79 महिला-पुरुष सफाई कर्मी बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर शनिवार से हड़ताल पर चले गए। सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर दिसंबर 2025, जनवरी 2026 और जुलाई 2026 के बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है।
कर्मियों ने बताया कि दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 का मानदेय संबंधित एनजीओ द्वारा अब तक भुगतान नहीं किया गया है। वहीं जुलाई 2026 का मानदेय भी बकाया है। कर्मियों के अनुसार, भुगतान को लेकर मुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित एनजीओ, स्वच्छता प्रभारी और नाजीर को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला।
सफाई कर्मियों ने कहा कि वे गरीब परिवारों से आते हैं और मानदेय ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। समय पर भुगतान नहीं होने से परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी जरूरतें पूरी करने में परेशानी हो रही है। कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता, हड़ताल जारी रहेगी।
आवेदन की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी, जिला प्रभारी मंत्री और नगर आयुक्त, कटिहार को भी भेजी गई है।
Post a Comment