Top News

रिश्वत कांड के आरोपी पूर्व BDO की अचानक मौत, रास्ते में बिगड़ी तबीयत… नाक-मुंह से निकल रहा था झाग



 एक तरफ तबादले के बाद नई जिम्मेदारी संभालने की तैयारी और दूसरी तरफ अचानक मौत। गयाजी नगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के पद पर रह चुके 52 वर्षीय राकेश कुमार की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने को लेकर उठ रहा है। परिजनों के मुताबिक, रास्ते में भुरभुरा के पास उनकी हालत अचानक खराब हुई। जब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया तो नाक और मुंह से झाग निकल रहा था और नाक से खून आने की बात सामने आई। राकेश कुमार मूल रूप से देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के चलिया गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में वह देवघर के बिलासी प्रोफेसर कॉलोनी में मकान बनाकर पत्नी और बच्चों के साथ रह रहे थे।

नई पोस्टिंग पर योगदान देने निकले थे राकेश कुमार

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही राकेश कुमार का तबादला मुजफ्फरपुर किया गया था। शुक्रवार को वह नई पोस्टिंग वाली जगह पर योगदान देने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान भुरभुरा के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

गंभीर हालत में उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से रात करीब 9 बजे सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

फरवरी में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए थे

राकेश कुमार की मौत इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसी साल 9 फरवरी 2026 को निगरानी विभाग ने उन्हें 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
यह कार्रवाई गया नगर प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी की शिकायत के आधार पर की गई थी। मामला 15वीं वित्त आयोग की योजना से जुड़ा बताया गया था। शिकायत के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और राकेश कुमार को कथित तौर पर 50 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया था। इस मामले में वह बाद में जमानत पर बाहर थे।

गिरफ्तारी के बाद बदल गया था पदभार

रिश्वत मामले में गिरफ्तारी के बाद मानपुर के BDO वेद प्रकाश को गया नगर BDO का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। बाद में 22 जुलाई को प्रदीप कुमार चौधरी ने गया नगर BDO के पद पर योगदान दिया।

इसी दौरान राकेश कुमार को रिश्वत मामले में जमानत मिलने की जानकारी भी सामने आई थी।
राकेश कुमार की पत्नी जूली प्रसाद देवघर के नगर थाना क्षेत्र स्थित आरएल सर्राफ स्कूल में शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति गया नगर BDO के पद पर कार्यरत रहे थे और कुछ दिन पहले उनका तबादला मुजफ्फरपुर हुआ था। शुक्रवार को वह नई जगह योगदान देने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

जहरीला पदार्थ या कोई और वजह? जांच से खुलेगा राज

नाक और मुंह से झाग निकलने की बात ने मौत को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। **क्या राकेश कुमार ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, उन्हें किसी ने जहरीला पदार्थ दिया था या मौत की कोई अन्य वजह थी?  फिलहाल इसका जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल राकेश कुमार की मौत स्वाभाविक है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इस पर आधिकारिक रूप से कुछ स्पष्ट नहीं कहा गया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post