Top News

15 अगस्त के बाद भी फहरता रहा राष्ट्रीय ध्वज, विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

पूर्णिया। रुपौली प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत रुपौली स्थित प्राथमिक विद्यालय गिद्दा, वार्ड संख्या 09 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज 15 अगस्त से लेकर सोमवार, 17 अगस्त 2026 तक फहरा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे विद्यालय प्रबंधन की गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन झंडोत्तोलन के बाद निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारा नहीं गया। दो दिन बीत जाने के बाद भी तिरंगा विद्यालय परिसर में फहरा रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और विद्यालय के प्रधान शिक्षक उज्ज्वल साह के रवैये पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है, इसलिए इसके रख-रखाव और सम्मान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लोगों ने संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि विद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान में बच्चों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय मूल्यों की सीख दी जाती है। ऐसे में विद्यालय परिसर में ही राष्ट्रीय ध्वज को लेकर लापरवाही सामने आना गंभीर विषय है।

अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post