Top News

महिला से चेन छिनतई कर भाग रहा आरोपी गिरफ्तार, बरामद बाइक भी निकली चोरी की


शहर के धरमगंज स्थित सरदार गोपाल सिंह मध्य विद्यालय के समीप महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के फाटापुकूर झंझुपाड़ा निवासी संजू ग्वाला (24) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी चोरी की निकली। आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बाजार से घर लौट रही महिला के गले से संजू ने सोने की चेन छीन ली। इसके बाद भागने के दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वह घायल हो गया। महिला के शोर मचाने पर मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी और बीआर 01 एफडी 5052 नंबर की पल्सर 180 बाइक को कब्जे में लेकर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराए जाने पर पुलिस ने मामले को स्वतः संज्ञान में लिया। एसआई धीरज कुमार की लिखित शिकायत पर टाउन थाना में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने जांच के दौरान ट्रैफिक चालान मशीन से बाइक के नंबर का सत्यापन किया तो उक्त नंबर अपाचे बाइक का निकला। इसके बाद चेसिस नंबर की जांच में बाइक पश्चिम बंगाल के बसीरहाट निवासी अरूप घोष की पाई गई। अरूप घोष ने पुलिस को बताया कि उनकी डब्ल्यूबी 64 यू 5228 नंबर की बजाज पल्सर 180 बाइक दस दिन पहले चोरी हो गई थी और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी।

पुलिस ने बाइक बरामद होने की सूचना उसके मालिक को दे दी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post