Top News

निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मातम



शहर के कसेरापट्टी में निर्माणाधीन चार मंजिला मकान की दीवार का हिस्सा गिरने से पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के पांजीपाड़ा निवासी असगर अली की पुत्री फातिमा के रूप में हुई है। वह हाल ही में कसेरापट्टी निवासी अपनी नानी महमुदा खातून के घर घूमने आई थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम फातिमा अपनी नानी के घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में बन रहे चार मंजिला मकान की चौथी मंजिल से दीवार का एक बड़ा हिस्सा टूटकर उसके सिर पर गिर पड़ा। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले गए।

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमजीएम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे सिलीगुड़ी रेफर कर दिया। हालांकि, गुरुवार को इलाज के दौरान फातिमा ने दम तोड़ दिया। सिलीगुड़ी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतका के परिजनों की ओर से पुलिस के समक्ष कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post