Top News

झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया, फिर सिर में मार दी गोली


देश जब 80वां स्वतंत्रता  पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मना रहा था, उसी दौरान पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी करीब 26 वर्षीय वीरू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

परिजनों का आरोप है कि वीरू को झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया गया था, जिसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे रुपये के लेन-देन को लेकर पुराने विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।

झंडारोहण के लिए बुलाने पहुंचे थे युवक

परिजनों के मुताबिक, मझौली पंचायत के वर्तमान मुखिया जुल्मी मुखिया के भगिना सोनू कुमार वीरू के घर पहुंचा और उसे झंडा फहराने के लिए साथ चलने को कहा। वीरू ने उससे कहा कि वह स्नान-ध्यान करने के बाद आएगा। इसके कुछ देर बाद जुल्मी मुखिया के दो अन्य भगिने अजीत कुमार और प्रिंस कुमार, जो शाहपुर गांव में ही रहते हैं, वीरू को बुलाने उसके घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों उसे अपने साथ लेकर चले गए।

कुछ ही देर बाद मिली गोली मारने की सूचना

परिजनों के अनुसार, वीरू के घर से निकलने के कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और उसका शव सड़क पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वीरू को मृत पाया। घटना की जानकारी मिलने पर सालिमपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

सिर में मारी गोली, रुपये के विवाद की भी जांच

सालिमपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे और घटना के समय दोनों साथ थे। इसी दौरान आरोपी ने वीरू के सिर में गोली मार दी।

थानाध्यक्ष के अनुसार, दोनों के बीच पूर्व में रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या में केवल एक व्यक्ति शामिल था या वारदात में अन्य लोगों की भी भूमिका रही है।

फिलहाल परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों, रुपये के विवाद और घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।।स्वतंत्रता दिवस के दिन हुई इस हत्या की वारदात ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों को सामने लाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post