बहादुरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.5 ग्राम MDMA के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा SP 125 बाइक और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
घटना 18 अगस्त 2026 की रात करीब 9:45 बजे की है। बहादुरगंज थाना की महिला पुलिस अवर निरीक्षक स्वाती पटेल महिला सिपाही खुशबू कुमारी और सिपाही नितीश कुमार के साथ संध्या गश्ती पर थीं। गुंजनबाड़ी चौक के पास सर्विस रोड पर वाहन जांच के दौरान अररिया की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के भट्ठाबाड़ी वार्ड नंबर-1 निवासी मोहम्मद मुन्ना (42) और मिराज आलम (27) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मोहम्मद मुन्ना की पैंट की जेब से पारदर्शी प्लास्टिक में रखा 2.50 ग्राम सफेद रंग का MDMA बरामद हुआ। उसके पास से एक वीवो एंड्रॉइड मोबाइल भी मिला। वहीं मिराज आलम के पास से भी एक वीवो मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, NDPS एक्ट की धारा 50 के तहत प्रक्रिया पूरी करने के बाद तलाशी ली गई। मौके पर मापतौल विशेषज्ञ को बुलाकर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से बरामद MDMA का वजन कराया गया। जब्ती की पूरी प्रक्रिया की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी कराई गई। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक BR37AB3622 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस मामले में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 521/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सुजीत कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास MDMA कहां से आया और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
Post a Comment