कोचाधामन थाना क्षेत्र के सुंदरबाड़ी और दांती के बीच बुधवार को सड़क किनारे पानी की नहर से 10 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान साढ़ेगोड़ा गांव निवासी उमर फारूक (10), पिता नदीम आलम के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव के पास एक आइसक्रीम की गाड़ी, एक बैटरी और बड़े व्यक्ति की चप्पल मिली है। इन सामानों की बरामदगी ने घटना को और रहस्यमय बना दिया है।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चे की हत्या कर शव को सड़क से करीब पांच मीटर दूर पानी की नहर में फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह, घटना में किसी हथियार के इस्तेमाल और अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही कोचाधामन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर सुंदरबाड़ी पंचायत के चेयरमैन सकेबालम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुंदरबाड़ी और दांती के बीच इस इलाके में पहले भी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने पुलिस से 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, उमर फारूक की मौत के सही कारण और घटना की पूरी सच्चाई पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment