इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती कब प्यार में बदल गई, दोनों को पता ही नहीं चला। करीब एक साल तक चले प्रेम संबंध के बाद जब परिजनों ने 19 वर्षीय छात्रा की शादी कहीं और तय कर दी तो उसने अपने प्रेमी के साथ घर छोड़ने का फैसला कर लिया। दोनों अररिया से भागकर पूर्णिया पहुंचे। पूर्णिया जंक्शन पर युवक ने छात्रा की मांग में सिंदूर भरकर शादी की और दोनों ने रात स्टेशन पर ही गुजारी। लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। सोमवार शाम शादी के महज कुछ समय बाद ही काली मंदिर में दर्शन करने निकली नवविवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। मामला पूर्णिया शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी काली मंदिर के समीप का है। मृतका की पहचान अररिया जिले के नगर थाना क्षेत्र के बटरबाड़ी निवासी नरेश यादव की 19 वर्षीय पुत्री मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। मनीषा बीए पार्ट-1 की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि उसका प्रेम संबंध अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र निवासी एक कम उम्र के युवक दिलखुश कुमार से था। युवक इंटरमीडिएट का छात्र बताया जा रहा है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहली मुलाकात
बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले मनीषा और दिलखुश की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई और देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। बातचीत का सिलसिला प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों ने साथ जीने-मरने के सपने देखने शुरू कर दिए थे। इसी बीच मनीषा के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। यह बात मनीषा को मंजूर नहीं थी। युवक के अनुसार, दोनों ने परिवार से अलग होकर साथ रहने का फैसला किया। इसके बाद दोनों अररिया से निकलकर पूर्णिया पहुंच गए।
पूर्णिया जंक्शन पर भरी मांग में सिंदूर
पूर्णिया पहुंचने के बाद दोनों ने स्टेशन परिसर में ही शादी करने का फैसला किया। युवक ने मनीषा की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बना लिया। शादी के बाद दोनों ने रात पूर्णिया जंक्शन पर ही गुजारी। दोनों के लिए यह पल जिंदगी की नई शुरुआत जैसा था। लेकिन अगले ही दिन यह खुशियां मातम में बदल जाएंगी, इसका अंदाजा शायद किसी को नहीं था। सोमवार शाम दोनों रामबाग की ओर से पैदल सिटी काली मंदिर में दर्शन करने के लिए निकले थे। बताया गया कि दोनों मंदिर की ओर बढ़ ही रहे थे कि रास्ते में अचानक मनीषा को धूप के वजह से तेज चक्कर आने लगा। उसने असहज महसूस होने की बात कही और देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ने लगी।
सड़क किनारे बैठाया, अस्पताल ले गए… लेकिन नहीं बची जान
मनीषा की हालत अचानक बिगड़ते देख दिलखुश घबरा गया। उसने उसे सड़क किनारे बैठाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों की सहायता से मनीषा को आनन-फानन में जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही युवक के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस युवती के साथ उसने कुछ समय पहले ही जिंदगी बिताने का फैसला किया था, वही अब उसके सामने दुनिया छोड़ चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही जीएमसीएच टीओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल मनीषा की मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। मृतिका के भाई ने बताया कि घर से गायब होने के बाद से वे लोग उसे ढूंढ रहे थे। इंस्टाग्राम पर शादी का स्टेटस देखकर जब लड़के के परिजन के पास गए तो उनलोगों ने उन्हें भगा दिया। फिर देरशाम युवक के दोस्तों ने लड़कीं की मौत की खबर दी। युवक फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस युवक और मृतका के बीच हुए घटनाक्रम, पूर्णिया पहुंचने से लेकर शादी और फिर अचानक हुई मौत तक की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।
जिस घर से निकली थी नई जिंदगी के सपने लेकर, वहां पहुंचेगा अब मौत का समाचार
मनीषा की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटी ने जिंदगी की नई शुरुआत के सपने देखे थे, उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। एक तरफ बेटी के घर से चले जाने का दुख था तो दूसरी ओर उसकी मौत की खबर ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया। सोशल मीडिया से शुरू हुआ प्रेम, घर से निकलने का फैसला, पूर्णिया जंक्शन पर शादी और उसके कुछ ही घंटे बाद मौत—पूरी घटना ने कई सवाल छोड़ दिए हैं। फिलहाल मनीषा की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Post a Comment