Top News

गोभी के बिचड़े की चोरी का विरोध करने पर किसान को पीटा, हालत गंभीर


बरारी थाना क्षेत्र के नया टोला उत्तरी भंडारतल वार्ड संख्या-08 में खेत में रखे गोभी के बिचड़े की चोरी का विरोध करने पर एक किसान के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना 9 अगस्त की देर रात करीब 11:50 बजे की बताई जा रही है। मामले में घायल किसान भोला मंडल (55) के पुत्र बमबम कुमार मंडल ने बरारी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, भोला मंडल मौजा भंडारतल स्थित खेत में गोभी का बिचड़ा लगाने के बाद बचे हुए बिचड़ों की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान पटेल कुमार यादव (22), पिता शत्रुघ्न यादव और एक अज्ञात व्यक्ति खेत में पहुंचे। आरोप है कि दोनों बिचड़ा चोरी करने की नीयत से खेत में आए थे। इसका विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से भोला मंडल के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि भोला मंडल को जमीन पर गिराकर सिर पर लाठी से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा। वहीं बाएं हाथ पर भी लाठी से प्रहार किए जाने से हाथ टूटने की बात कही गई है। मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल भोला मंडल ने फोन कर अपने पुत्र को घटना की जानकारी दी। परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। अगले दिन बरारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, गंभीर स्थिति को देखते हुए घायल को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया ले जाया गया है। पीड़ित के पुत्र ने बरारी थानाध्यक्ष से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post