कटिहार। बारसोई रेलवे स्टेशन परिसर में लगी एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है। मशीन के माध्यम से यात्री कम समय में टिकट प्राप्त कर रहे हैं, जिससे टिकट काउंटर पर लंबी कतार में खड़े होने की परेशानी से राहत मिल रही है।
सिटी हलचल संवाददाता ने स्टेशन पहुंचकर एटीवीएम मशीन का जायजा लिया। इस दौरान कई यात्री मशीन से टिकट लेते नजर आए। यात्रियों ने बताया कि व्यस्त समय में टिकट काउंटर पर लंबी लाइन लगने के कारण काफी समय बर्बाद होता है। ऐसे में एटीवीएम मशीन से टिकट लेना आसान और तेज है।
सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के इस स्टेशन पर आधुनिक टिकट सुविधा उपलब्ध होने से यात्रियों में भी खुशी है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी मशीनें अन्य स्टेशनों पर भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को टिकट के लिए घंटों कतार में खड़ा न होना पड़े।
यात्रियों का कहना है कि एटीवीएम से समय की बचत के साथ टिकट लेने की प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक हुई है। उन्होंने रेलवे से भविष्य में यात्री सुविधाओं का और विस्तार करने की मांग की।
Post a Comment