Top News

पूर्णिया में सनसनीखेज वारदात: घरेलू विवाद में पति ने शिक्षिका पत्नी को मारी गोली, मौत के बाद फरार

पूर्णिया। पूर्णिया शहर के पूर्णिया कॉलेज रोड स्थित रेणु नगर में रविवार को घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शालिनी श्रीनगर स्थित प्लस टू स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, आरोपी पति राजकुमार यादव मधुबनी स्थित को-ऑपरेटिव बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ। इसी दौरान कथित तौर पर राजकुमार यादव ने पत्नी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। जब लोग घर पहुंचे तो महिला गंभीर हालत में पड़ी थी और उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। इधर, वारदात के बाद आरोपी पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हत्या के पीछे घरेलू विवाद के अलावा क्या वजह थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। शहर के बीचोंबीच शिक्षिका की गोली मारकर हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल आरोपी पति को गिरफ्तार करना और हत्या की वास्तविक वजह सामने लाना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post