भवानीपुर प्रखंड के सोनमा पंचायत अंतर्गत अकबरपुर गांव निवासी प्रख्यात उद्योगपति, समाजसेवी एवं सफल व्यवसायी स्वर्गीय अभय कुमार सिंह के निधन से पूरे सीमांचल और कोसी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
स्वर्गीय अभय कुमार सिंह अपने सरल, सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उन्होंने व्यवसाय के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई थी। ईंट-भट्ठा, पेट्रोल पंप, ट्रैक्टर सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालन के माध्यम से उन्होंने हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराया। उनकी उद्यमशीलता ने क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
व्यवसाय के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यों में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते थे। जरूरतमंदों की सहायता करना, जनहित के कार्यों में सहयोग देना और समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ खड़े रहना उनकी पहचान थी। यही कारण है कि वे आम लोगों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे।
उनके निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यवसायिक संस्थाओं, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उनके निधन से सीमांचल ने एक सफल उद्योगपति, संवेदनशील समाजसेवी और जनसेवक को खो दिया है।
Post a Comment