रौतारा थाना क्षेत्र के बहरखाल पंचायत के रमेली गांव में 15 दिनों से लापता 13 वर्षीय सत्यम कुमार का शव शुक्रवार को मखाना खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने किशोर की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की आशंका जताई है।
मृतक के पिता मंगल महतो ने बताया कि सत्यम करीब 15 दिन पहले लापता हुआ था, जिसकी लिखित सूचना रौतारा थाना में दी गई थी। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया कि चांदी की पायल बेचने को लेकर उसका विवाद हुआ था और उसी दौरान सत्यम को गायब करने की धमकी भी दी गई थी।
सूचना मिलते ही रौतारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों को भी पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित किया है।
रौतारा थानाध्यक्ष लालासर बिंद ने बताया कि सत्यम के लापता होने की सूचना पहले ही थाना को मिली थी। शुक्रवार को उसका शव मखाना खेत से बरामद हुआ है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सत्यम दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Post a Comment