Top News

रात में खरीदी खुशी, सुबह गायब मिले चक्के... स्मेकर ने नई कार को बनाया निशाना


स्मेक का नशा शहर में ऐसा सिर चढ़कर बोल रहा है कि अब चोरों की नजर बाइक तक नहीं, नई-नवेली कारों के चक्कों पर भी पड़ने लगी है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि अगर रात में गाड़ी बाहर खड़ी करनी है तो सुबह तक उसके चारों चक्के सलामत मिल जाएं, इसकी भी कोई गारंटी नहीं रही।

ऐसा ही एक मामला शहर के इमली गोला मोहम्मद नगर से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी नई कार के दोनों पिछले चक्के खोलकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब वाहन मालिक कार के पास पहुंचे तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कार बिना चक्कों के जमीन पर टिकी हुई थी।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद नगर निवासी तौकीर हुसैन ने गत 21 जुलाई को टोयोटा अर्बन क्रूजर कार खरीदी थी। रविवार देर रात उन्होंने कार घर के बाहर खड़ी कर दी और सोने चले गए। सुबह उठकर देखा तो कार के दोनों पिछले चक्के गायब थे।

घटना के बाद तौकीर हुसैन ने काफी देर तक अपने स्तर से चोरों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान में जुट गई है।

इधर, घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह करतूत नशे के आदी युवकों की हो सकती है, जो स्मेक की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इस वारदात ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। अब लोग अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क नजर आ रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post