कुरसेला थाना क्षेत्र के संपत राज कन्या उच्च विद्यालय के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में एक महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा कुरसेला बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को देखकर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। इस क्रम में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार एक महिला और सड़क किनारे खेल रहा बच्चा मनतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनघरिया निवासी घायल महिला और बच्चे को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
Post a Comment