Top News

पूर्णिया सेंट्रल जेल में एसआई की संदिग्ध मौत, मुंह से निकल रहा था झाग


पूर्णिया सेंट्रल जेल में पदस्थापित 58 वर्षीय सब इंस्पेक्टर (एसआई) मो. अब्दुल कयूम की सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार अहले सुबह एक सिपाही उन्हें जगाने पहुंचा, तो वे बिस्तर पर अचेत मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद उन्हें राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस मेंस एसोसिएशन मधेपुरा के जिलाध्यक्ष शिव नारायण यादव के अनुसार, सोमवार रात भोजन करने के बाद मो. अब्दुल कयूम शौचालय गए थे। इसके बाद वह अपने बिस्तर पर सोने चले गए। मंगलवार सुबह जब एक सिपाही उन्हें जगाने पहुंचा, तो वे अचेत अवस्था में मिले। उनके मुंह से झाग निकलता देख सिपाही ने जेल अधीक्षक को सूचना दी। इसके बाद जेल अधीक्षक उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मो. अब्दुल कयूम मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले थे। इससे पहले वह सुपौल जिले के भीमनगर स्थित बीसा-15, डी कंपनी कैंप में एसआई के पद पर कार्यरत थे। करीब दो महीने पहले ही उनकी पदस्थापना पूर्णिया सेंट्रल जेल में हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर उनकी पत्नी और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है।
केहाट थानाध्यक्ष आरके ठाकुर ने मो. अब्दुल कयूम की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस लाइन में सलामी देकर शव परिजनों को सौंप दिया गया और मोतिहारी स्थित उनके गांव भेज दिया गया।
एसआई की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post