Top News

गोबर फेंकने के विवाद में खूनी संघर्ष, इलाज के दौरान एक की मौत; दूसरा गंभीर

 घर के पीछे गोबर फेंकने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार की सुबह धरहरा चकला भुनाई पंचायत के हेरपुरमादी वार्ड संख्या एक में हुई मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 50 वर्षीय किशोर सुथीयार उर्फ छुतहरू शर्मा की मौत हो गई, जबकि जयकुमार सुथीयार का इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घर के पीछे गोबर फेंकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जाता है कि जमीन विवाद के बीच शुरू हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दबिया और लाठी से हमला कर किशोर सुथीयार और जयकुमार सुथीयार को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

घटना के बाद दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, बनमनखी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, पूर्णिया रेफर कर दिया गया। जीएमसीएच में इलाज के दौरान किशोर सुथीयार ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद के बीच घर के पीछे गोबर फेंकने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटना में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post