बहादुरगंज थाना पुलिस ने एनएच-327ई पर दारुल उलूम चौक के समीप से 62.85 लीटर विदेशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक चारपहिया वाहन को भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के जगतपुरा निवासी मनीष कुमार, पिता स्वर्गीय सूर्यनारायण, और दीपक कुमार पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पश्चिम बंगाल से अवैध रूप से शराब खरीदकर पटना ले जा रहे थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए वाहन में विशेष बॉक्स बनाकर शराब छिपाई गई थी।
बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ठाकुरगंज-बहादुरगंज मुख्य मार्ग पर दारुल उलूम चौक के समीप संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 62.85 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment