एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के महबूब चौक के पास से 271 ग्राम एमडीएमए के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15,600 रुपये नेपाली मुद्रा और एक होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
मंगलवार को प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ और कोचाधामन थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। वाहन जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को रोका गया। तलाशी में उनके सूटकेस से 271 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के दमदमा निवासी शाबीर अंसारी (41) और नेपाल के झापा जिले के केचना निवासी इमरान खान (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों के मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल होने की जानकारी मिली है। एमडीएमए उत्तर प्रदेश से लाया जा रहा था और इसकी डिलीवरी किसी स्थान पर की जानी थी। इमरान खान का ससुराल पौआखाली में है।
पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वालों और डिलीवरी लेने वालों का पता लगा रही है। आरोपियों की अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है। मामले में कोचाधामन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment