Top News

बूढ़ी कालीबाड़ी के 125वें काली महोत्सव को सरकारी पहचान, राशि आवंटन की पहल


शहर के ऐतिहासिक लाइनपाड़ा स्थित बूढ़ी कालीबाड़ी मंदिर में आयोजित होने वाले 125वें काली महोत्सव को बिहार सरकार की सूची में शामिल किए जाने से मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं में खुशी है। महोत्सव के आयोजन के लिए राशि आवंटन की दिशा में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने किशनगंज के जिलाधिकारी से विस्तृत प्रतिवेदन मांगा है।

विभाग के सर्वेक्षण कार्यालय, पटना की ओर से जारी पत्र में मंदिर की 125वीं काली पूजा का उल्लेख करते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि विभागीय मानकों के अनुसार राशि आवंटन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के प्रति जताया आभार

महोत्सव को सरकारी सूची में शामिल कराने की पहल में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के सहयोग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भजन पाल, सचिव विक्की दास, कोषाध्यक्ष देवराज दास सहित अन्य सदस्यों ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे किशनगंज की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को नई पहचान मिलेगी।

1902 से हो रही मां काली की पूजा

लाइनपाड़ा स्थित बूढ़ी कालीबाड़ी मंदिर में वर्ष 1902 से मां काली की पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। शुरुआती दौर में छोटे मंदिर में प्रतिमा स्थापित कर पूजा शुरू की गई थी। समय के साथ श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर का विस्तार हुआ। काली पूजा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

मंदिर से जुड़ी मान्यता है कि मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु मां काली की प्रतिमा अर्पित करते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक व्यक्तित्व भी यहां दर्शन कर चुके हैं।

8 नवंबर को विशेष पूजा, 9 को भजन संध्या

मंदिर के 125वें वर्ष की पूर्णता के अवसर पर 8 नवंबर को मां काली की विशेष पूजा-अर्चना होगी। वहीं, 9 नवंबर को भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें बंग्ला भाषा की प्रसिद्ध बाउल कलाकार बाउल संगीत, श्यामा संगीत और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देंगी।

मंदिर कमेटी के सदस्यों मनोज मजुमदार, साधन दास, अमित कुमार दास, अजिताभ राही, कुशल दास, अनिर्बान दास, दीपक कुमार, राजा दत्ता, कल्याण बोस, जित सरकार, गोपाल कर्मकार और सुब्रत ज्वारदार सहित अन्य सदस्यों ने मंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। जिलाधिकारी से प्रतिवेदन मिलने के बाद राशि आवंटन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post