पूर्णिया पुलिस ने अंतरजिला बिजली तार चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 27 क्विंटल (2700 किलोग्राम) एल्युमिनियम और कॉपर तार बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल एक स्कॉर्पियो, एक पिकअप, तार काटने के दो उपकरण, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और सात मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपित अररिया जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, पांच अक्टूबर की रात केनगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर-परसिया रहिका बहियार में कृषि पटवन के लिए लगाई गई 11 केवी बिजली लाइन से अज्ञात चोरों ने करीब 8.20 किलोमीटर तार काटकर चोरी कर लिया था। मामले में केनगर थाना कांड संख्या 319/26 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में केनगर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी के तार और अन्य सामान बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के बेलाही निवासी पवन साह (35), नरपतगंज थाना क्षेत्र के देवीगंज पतराहा निवासी अनिल कुमार (22), मानिक चंद कुमार (22), नीतीश कुमार (22), कुंदन कुमार मंडल (22) और रोशन कुमार (24) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने केनगर थाना क्षेत्र में तार चोरी की घटना के अलावा पूर्णिया शहर के विभिन्न स्थानों से बिजली तार और अन्य विद्युत सामग्री चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इस कार्रवाई में केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी सहित थाना पुलिस और डीआईयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Post a Comment