बैसा प्रखंड क्षेत्र के दोहमुनी धारा में बना स्क्रू पाइल पुल जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। इससे ग्रामीणों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। लोगों ने संबंधित विभाग से पुल की तकनीकी जांच और मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह पुल आवागमन का प्रमुख साधन है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इससे होकर गुजरते हैं। पुल की खराब स्थिति को देखते हुए लोगों को हादसे का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते पुल की मरम्मत और रखरखाव की व्यवस्था होनी चाहिए थी।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अभियंताओं से पुल का निरीक्षण कर उसकी मजबूती की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और अन्य सुरक्षा उपाय करने की अपील की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
इधर, विभाग के अभियंता मो. अख्तर हुसैन ने पुल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुल की वर्तमान स्थिति से विभाग को अवगत कराया जाएगा।
Post a Comment