मुरलीगंज प्रखंड ई-किसान भवन में मंगलवार को बासंतिक (रबी) महाभियान 2026 के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें करीब 100 किसानों ने भाग लिया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को रबी फसलों की आधुनिक खेती और कीट-व्याधि से बचाव की जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केंद्र मधेपुरा के वैज्ञानिक डॉ. सुरेंद्र चौरसिया व डॉ. पंकज कुमार यादव, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजीत कुमार तथा किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष हेमचंद्र विश्वास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण के दौरान वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग से पहले मिट्टी की जांच करानी चाहिए। इससे मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों और मिट्टी जनित रोगों की जानकारी मिलती है, जिससे बेहतर उत्पादन में मदद मिलती है। खेतों की मिट्टी को हरियाली से ढककर रखने से पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं और कीटों से बचाव में भी सहायता मिलती है।
प्रखंड उद्यान पदाधिकारी प्रतीक्षा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में मुख्य रूप से क्लस्टर आधारित योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय मखाना बोर्ड सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी।
प्रखंड तकनीकी प्रबंधक जयकुमार भारतीय ने कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी दी। वहीं, कृषि समन्वयक प्रवीण कुमार ने बीज वितरण, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी और फार्मर रजिस्ट्री के बारे में बताया।
शिविर में कृषि समन्वयक अर्पणा कुमारी, रानी कुमारी, कृपा कुमार, हरिनंदन राम, विजेंद्र कुमार, देव नारायण, संजीव सत्यार्थी सहित अन्य कृषि कर्मी और किसान मौजूद थे।
Post a Comment