कुरसेला प्रखंड सभागार में मंगलवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत सखी वार्ता सह वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित बालिकाओं के बीच योजना के लोगोयुक्त प्री-स्कूल बैग एवं वाटर बोतल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर एवं मिशन शक्ति योजना की जानकारी दी गई।
महिलाओं एवं किशोरियों को समस्याओं के समाधान के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और बच्चों से संबंधित मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी प्रियंबदा, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी शांतनु कुमार ठाकुर, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी विभा कुमारी, प्रखंड समन्वयक अमित कुमार सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट राजेश कुमार महतो, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ निधि कुमारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, बालिकाएं, अभिभावक एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
Post a Comment