Top News

पत्नी-बच्चे करते रहे इंतजार, इधर सड़क हादसे में चली गई आशिक की जान; घर में मच गई चीख-पुकार


घर से महज 150 रुपये लेकर निकला था। पत्नी से वादा किया था कि बाजार से मीट लेकर लौटेंगे और शाम को पूरा परिवार साथ बैठकर खाना खाएगा। पत्नी और तीन मासूम बच्चे उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह इंतजार कभी खत्म नहीं होगा। बेलौरी बाजार से मीट लेकर घर लौट रहे 28 वर्षीय मोहम्मद आशिक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं।

यह दर्दनाक हादसा शनिवार की देर रात पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सतडोब के समीप पूर्णिया-कटिहार मुख्य मार्ग (NH-131) पर हुआ। मृतक की पहचान आगाटोला निवासी मोहम्मद आशिक (28 वर्ष), पिता मोहम्मद सरीफ के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

150 रुपये लेकर निकले थे घर से, शाम को साथ खाना खाने का था वादा

मृतक की पत्नी शमा खातून ने बताया कि उनके पति शनिवार दोपहर करीब तीन बजे घर से 150 रुपये लेकर बेलौरी बाजार के लिए निकले थे। जाते समय उन्होंने कहा था कि बाजार से मीट लेकर आएंगे और शाम को पूरा परिवार मिलकर खाना खाएगा। पत्नी को क्या मालूम था कि साथ खाना खाने का यह वादा जिंदगी का आखिरी वादा बन जाएगा।

शमा खातून के मुताबिक, उनके पति बेलौरी बाजार से मीट खरीदकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सतडोब के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद आशिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मौत की खबर पर भड़का गुस्सा, NH-131 पर आगजनी और हंगामा

युवक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पूर्णिया-कटिहार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर आगजनी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कतार लग गई। इस दौरान रास्ता बंद होने से परेशान वाहन चालकों के साथ बदसलूकी किए जाने की भी सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार और अंचलाधिकारी अंशु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया, जिसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका।

### गैराज में वेल्डिंग कर चलाते थे परिवार, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मोहम्मद आशिक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। वह गैराज में वेल्डिंग का काम कर पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। जिस घर में शाम को परिवार के साथ बैठकर खाना खाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है।

पति की मौत के बाद पत्नी शमा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। जिस पिता के लौटने का बच्चे इंतजार कर रहे थे, अब वह कभी वापस नहीं आएंगे। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। आगाटोला गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post