Top News

मालदा से लाई जा रही 200 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

टाउन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम स्मैक के साथ दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के अफसाना रोड निवासी मुन्ना उर्फ मोहम्मद जमीर (43), पिता मोहम्मद मुस्तकीम तथा रहमद नगर निवासी सोहेब आलम (24), पिता महरूब अली अहमद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा से स्मैक की बड़ी खेप बस के जरिए किशनगंज लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस ने टाउन हॉल के समीप घेराबंदी कर मालदा की ओर से आने वाली बसों की निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान मालदा से आई एक बस से दो युवक उतरे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 200 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मालदा से स्मैक खरीदकर बहादुरगंज में बेचने के उद्देश्य से लेकर आए थे। आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ टाउन थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले में स्मैक की आपूर्ति करने वाले गिरोह और अन्य तस्करों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post