Top News

पोठिया में 31.44 ग्राम मादक पदार्थ के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पोठिया थाना पुलिस ने 31.44 ग्राम मादक पदार्थ के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सोमवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अगस्त को पोठिया थाना क्षेत्र के बिरनाबाड़ी के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान इस्लामपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगी। पुलिस को संदेह होने पर टीम ने पीछा कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके पास से 31.44 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद गुफरान, निवासी डिहर, थाना ग्वालपोखर, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) तथा मोहम्मद तैरुद्दीन, निवासी बसालपुर, थाना चाकुलिया, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस संबंध में पोठिया थाना कांड संख्या 275/26 के तहत धारा 8(सी)/22(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post