जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोचाधामन थाना क्षेत्र के कजलामनी चौक से एक लग्जरी कार से 320.30 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कार में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को भी नामजद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशु कुमार और भूषण कुमार के रूप में हुई है। दोनों मधेपुरा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उत्पाद थाना में कांड संख्या 834/26 दर्ज करते हुए तीन युवकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब को पश्चिम बंगाल के रामपुर से किशनगंज के रास्ते सुपौल जिले के पिपरा ले जाया जा रहा था, जहां इसकी डिलीवरी की जानी थी।
यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर की गई। टीम में उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी, सहायक अवर निरीक्षक अमलेश तिवारी सहित अन्य उत्पाद कर्मी शामिल थे।
उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग के निर्देश पर विभिन्न चेक पोस्टों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने ब्लॉक चौक के समीप निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद रामपुर की ओर से आ रही संदिग्ध कार को कोचाधामन थाना क्षेत्र के कजलामनी चौक के पास रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 320.30 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहन को उत्पाद थाना लाकर दोबारा गहन जांच की गई। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।
Post a Comment