Top News

आपके शहर में बनेगी 'सिग्नेचर रोड', नाइट मार्केट, साइकिल ट्रैक और स्मार्ट सुविधाओं से मिलेगी नई पहचान

बिहार सरकार ने राज्य के सभी शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने सभी नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के लिए अल्पकालिक (Short Term Achievable Target) और दीर्घकालिक (Long Term Achievable Target) विकास योजनाओं के तहत हाई इम्पैक्ट परियोजनाएं लागू करने का निर्णय लिया है। इन योजनाओं का उद्देश्य शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करना, नागरिकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक शहर को एक नई पहचान देना है।
नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विजन है कि बिहार का प्रत्येक शहर आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित, हरित एवं उच्चस्तरीय शहरी सुविधाओं से सुसज्जित बने। सरकार समयबद्ध, उच्च प्रभाव वाली विकास योजनाओं, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और जनकेंद्रित शहरी नियोजन के माध्यम से ऐसे शहर विकसित करना चाहती है, जहां लोगों को बेहतर जीवन गुणवत्ता, सुरक्षित वातावरण और नए आर्थिक अवसर मिल सकें।
अक्टूबर 2026 तक पूरे होंगे अल्पकालिक लक्ष्य
मंत्री ने बताया कि सभी नगर निकायों को ऐसे विकास कार्यों का चयन करने का निर्देश दिया गया है, जिन्हें अक्टूबर 2026 तक पूरा किया जा सके। इसके लिए योजनाओं का शीघ्र चयन, प्रशासनिक स्वीकृति और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
दिसंबर 2028 तक लागू होंगी दीर्घकालिक योजनाएं
इसके साथ ही नगर निकायों को दिसंबर 2028 तक पूरे किए जाने वाले दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों के अनुरूप भी योजनाएं तैयार करनी होंगी। योजनाओं के चयन में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि वे अधिकतम लोगों को लाभ पहुंचाएं और शहरों की आधारभूत संरचना को स्थायी रूप से मजबूत करें।

हर शहर में बनेगी 1 से 2 किलोमीटर लंबी 'सिग्नेचर रोड'
सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य के प्रत्येक नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत में 1 से 2 किलोमीटर लंबी एक प्रमुख सड़क को "सिग्नेचर रोड" के रूप में विकसित किया जाएगा। यह सड़क केवल आवागमन का मार्ग नहीं होगी, बल्कि संबंधित शहर की पहचान और उसकी आधुनिक छवि का प्रतीक बनेगी। नगर निकायों को ऐसी सड़क का चयन करने का निर्देश दिया गया है, जिसकी चौड़ाई पर्याप्त हो और जहां सौंदर्यीकरण, हरित विकास तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा सकें।
कैसी होगी सिग्नेचर रोड
सिग्नेचर रोड को आधुनिक शहरी मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इस सड़क का चौड़ीकरण, आकर्षक सौंदर्यीकरण, आधुनिक एलईडी प्रकाश व्यवस्था, दोनों ओर हरित पट्टी एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा। सड़क की स्वच्छता बनाए रखने के लिए 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और नियमित सफाई कर्मियों की तैनाती रहेगी।

लोगों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम, योग स्थल, विश्राम स्थल तथा बैठने के लिए आकर्षक बेंच लगाए जाएंगे। पैदल चलने वालों के लिए अलग वॉकिंग ट्रैक तथा साइकिल चालकों के लिए समर्पित साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा, जिससे सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।

प्रदूषण मुक्त और स्मार्ट शहरी क्षेत्र होगा विकसित
सिग्नेचर रोड को नो-हॉर्न जोन, प्रदूषण मुक्त क्षेत्र तथा प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा आधुनिक सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट पोल, डिजिटल सूचना बोर्ड, आकर्षक लैंडस्केपिंग, फूलों की क्यारियां, डस्टबिन, पेयजल सुविधा, आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, दिव्यांग-अनुकूल रैंप, वर्षा जल निकासी की बेहतर व्यवस्था तथा आवश्यकता के अनुसार ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन भी विकसित किए जा सकते हैं।

नाइट मार्केट और फूड कोर्ट से बढ़ेगा व्यापार
जहां पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, वहां सुव्यवस्थित नाइट मार्केट विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही फूड कोर्ट, बच्चों के लिए प्ले एरिया, सेल्फी प्वाइंट, स्थानीय कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने वाली वॉल पेंटिंग एवं मूर्तियां भी स्थापित की जा सकती हैं। इन सुविधाओं से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और शहरों में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

शहरों की सुंदरता और अर्थव्यवस्था दोनों को मिलेगा लाभ
सरकार का मानना है कि सिग्नेचर रोड के निर्माण से शहरों की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलने से नागरिकों का जीवन स्तर सुधरेगा, स्थानीय व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रत्येक शहर की अलग पहचान स्थापित होगी।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास को नई गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समयबद्ध, जनहितकारी और उच्च प्रभाव वाली योजनाओं के माध्यम से बिहार के शहरों को स्वच्छ, आधुनिक, सुरक्षित, सुंदर और निवेश के लिए आकर्षक बनाया जाएगा। आने वाले वर्षों में इन योजनाओं के पूरा होने के बाद बिहार के शहर देश के विकसित और आधुनिक शहरों की श्रेणी में अपनी अलग पहचान बनाएंगे

Post a Comment

Previous Post Next Post