मरंगा थाना क्षेत्र में चाऊमीन दुकानदार चंदन जायसवाल की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हत्या की साजिश मृतक के अपने ही भांजे ने रची थी। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना के बाद पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने उसी रात अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अभिनव पाराशर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर विशाल कुमार और उसके सहयोगी साहिल रॉय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक चंदन जायसवाल की हत्या उसके भांजे विशाल कुमार ने कराई थी, जिसमें साहिल रॉय ने उसका साथ दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद सामने आया है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह और अन्य संभावित साजिशकर्ताओं की भूमिका की जांच अभी जारी है।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 17 जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हत्याकांड की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा हो गया, लेकिन यह घटना रिश्तों के टूटते विश्वास और पारिवारिक विवाद के खतरनाक अंजाम पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
Post a Comment