Top News

पहली सोमवारी पर शिवालयों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ओदरा घाट से भूतनाथ मंदिर तक पुलिस का कड़ा पहरा

:


सावन की पहली सोमवारी को लेकर शहर सहित जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सोमवार तड़के से ही पुलिस बलों की तैनाती रहेगी।

जिले में सबसे अधिक भीड़ बेलवा स्थित ओदरा घाट (डोंक नदी), भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर और ठाकुरगंज के हरगौरी मंदिर में उमड़ती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने इन स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।

रविवार को एसडीएम अनिकेत कुमार और सीओ राहुल कुमार ने बेलवा स्थित ओदरा घाट एवं भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर का निरीक्षण कर मंदिर समिति से तैयारियों की जानकारी ली। ओदरा घाट से श्रद्धालु डोंक नदी का पवित्र जल भरकर करीब 15 किलोमीटर पैदल चलकर भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

श्रद्धालुओं की इस यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए ओदरा घाट से मंदिर तक पूरे मार्ग के संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह और किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार भी विभिन्न मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

डीएम नवीन कुमार अधिकारियों से लगातार तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख मंदिरों में महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्वक दर्शन करने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post