खादी विस्तार, अतिक्रमण मुक्ति और नए केंद्र खोलने पर बनी सहमति।
पूर्णिया पूर्व/राजेश यादव
ऐतिहासिक सर्वोदय आश्रम, रानीपतरा का निबंधन 71 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार नवीनीकृत हो गया है। इस उपलब्धि पर आश्रम के सदस्यों, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।निबंधन नवीनीकरण के बाद संस्था की गतिविधियों को गति देने के लिए रविवार को रानीपतरा स्थित श्री कृष्ण सदन में सर्वोदय आश्रम की साधारण सभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष दिलीप मेहता ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सदस्यों का मुंह मीठा कराकर और एक-दूसरे को बधाई देकर किया गया।बैठक में भवानीपुर स्थित सर्वोदय आश्रम खादी ग्रामोद्योग भंडार में बिक्री केंद्र, कार्यकर्ता निवास, व्यावसायिक मार्केटिंग व सरंजाम परिसर के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। जेपी मार्केट, पूर्णियाँ में व्यावसायिक भवन बनाने पर भी सहमति बनी। अररिया एवं कटिहार जिलों में नए खादी बिक्री केंद्र खोलने की योजना को भी मंजूरी दी गई।सभा में परिधान भट्टा बाजार, पूर्णियाँ सहित आश्रम की अन्य जमीनों को कानूनी प्रक्रिया, सरकारी अमीन से मापी और प्रशासनिक सहयोग से अवैध कब्जे से मुक्त कराने का निर्णय लिया गया। सदस्यों की मांग पर आश्रम की लीज पर दी गई जमीनों का ब्यौरा सार्वजनिक करने और पुरानी लीज समाप्त कर नई पारदर्शी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया।इसके साथ ही वैद्यनाथ चौधरी स्मारक स्थल को सुंदर पार्क के रूप में विकसित करने तथा सदस्यता शुल्क नहीं जमा करने वाले सदस्यों की समीक्षा का भी निर्णय हुआ। गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंकेक्षण प्रतिवेदन, वार्षिक प्रतिवेदन, फॉर्म-एच एवं नियुक्त अंकेक्षक को स्वीकृति दी गई।मार्गदर्शक प्रदीप सरकार ने निबंधन नवीनीकरण पर कमिटी को बधाई देते हुए आश्रम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष दिलीप मेहता ने कमिटी के सभी 101 सदस्यों से सदस्यता शुल्क शीघ्र जमा करने की अपील की। मंत्री वीरेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि आश्रम की जमीनों की मापी कराकर जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।बैजनाथ मेहता ने कहा कि निबंधन नवीनीकरण के बाद अब सर्वोदय आश्रम के सर्वांगीण विकास का रास्ता साफ हो गया है।बैठक में उपाध्यक्ष मुंसी यादव, कोषाध्यक्ष मुख्तार आलम, नवीन चंद्र पाल, केदार यादव, योगेंद्र यादव,सतीश साह, कमलेश्वरी मेहता, बिमल सिंह, बिनोद मेहता, विश्वनाथ मेहता, सिंघेश्वर मेहता, अजय मेहता, बैजनाथ चंद्रवंशी, अनिल साह, सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

Post a Comment