Top News

तीरंदाजी चैम्पियनशिप में जी.डी. गोयनका पूर्णिया का जलवा, जीता स्वर्ण समेत तीन पदक


जी.डी. गोयनका स्कूल, पूर्णिया ने सीबीएसई ईस्ट ज़ोन तीरंदाजी चैम्पियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। 27 से 30 जुलाई तक रांची के टॉरियन वर्ल्ड स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की उपस्थिति में पूर्वी क्षेत्र के लगभग 700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

विद्यालय की कक्षा 9 की छात्रा सौम्या कुमारी ने अंडर-14 बालिका व्यक्तिगत रैंकिंग राउंड में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने कक्षा 7-डी के छात्र आनंद राज के साथ अंडर-14 मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। वहीं आनंद राज ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस तरह विद्यालय ने कुल एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए।

सौम्या कुमारी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतियोगिता का प्रतिष्ठित 'बेस्ट आर्चर अवार्ड' भी प्रदान किया गया। साथ ही उनका चयन आगामी सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी चैम्पियनशिप के लिए हुआ है, जिसका आयोजन हरियाणा के पानीपत में होगा।

इस सफलता का श्रेय विद्यालय के तीरंदाजी कोच बिप्लब सिंघा करजी के प्रशिक्षण और टीम प्रबंधक अलीना प्रधान के मार्गदर्शन को भी दिया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि मधुकांत पाठक एवं शिवेंद्र दुबे ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, प्राचार्या पुलोमा नंदी सहित विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों, कोच और टीम प्रबंधक को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूर्णिया, बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post