Top News

मेडिकल कॉलेज में मरीजों से मिले विधायक, अस्पताल प्रशासन को दिए आवश्यक निर्देश


 मरंगा निवासी चंदन कुमार जायसवाल की गोली मारकर हत्या तथा हनुमानबाग निवासी धीरेंद्र यादव के भतीजे की सौरा नदी में डूबने से हुई मौत के बाद शनिवार को विधायक विजय खेमका पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के दौरान उन्होंने दोनों शोकाकुल परिवारों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इसके बाद विधायक ने मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड, ट्रॉमा सेंटर, मोर्चरी भवन और नवजात शिशु वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल अधीक्षक को साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षा गार्डों के बेहतर व्यवहार तथा वार्डों में मरीजों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

विधायक ने कहा कि जल्द ही पुराने वार्डों को नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे बेड की समस्या काफी हद तक दूर होगी। ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू के लिए आवश्यक तकनीशियन और जीएनएम की व्यवस्था कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सकों से अधिक से अधिक मरीजों का इलाज मेडिकल कॉलेज में ही करने तथा केवल गंभीर स्थिति में ही रेफर करने का आग्रह किया।

विधायक ने कहा कि एनडीए सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ है और पूर्णिया मेडिकल कॉलेज ने सीमांचल में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस मौके पर भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, राजेश गोस्वामी, विनय साह एवं डॉ. अनुज कुमार भी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post