घरेलू विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। पत्नी के साथ मारपीट रोकने पहुंचे युवक पर अगले ही दिन आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जोरगामा पंचायत के मीरगंज वार्ड-10 स्थित पोखर टोला की है।
घायल की पहचान रहिका टोला वार्ड-13 निवासी 30 वर्षीय प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को पोखर टोला निवासी कुलदीप ऋषिदेव अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान प्रशांत कुमार ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और जरूरत पड़ने पर डायल-112 पुलिस को बुलाने की बात कही थी।
परिजनों का आरोप है कि शनिवार सुबह जब प्रशांत कुमार उसी रास्ते से गुजर रहे थे, तभी कुलदीप ऋषिदेव ने उन्हें रोककर कहा, "बुलाओ, तुमको जिसको बुलाना है।" इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में कुलदीप ने चाकू निकालकर प्रशांत कुमार के सिर पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सिर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर, प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिल चुकी है। अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Post a Comment