Top News

मोबाइल पर बात करते समय 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया युवक


पूर्णिया शहर के गुलाबबाग में शुक्रवार को 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिंघिया बस्ती निवासी रतन सहनी के पुत्र सोहन सहनी के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अपनी सरकारी गाड़ी से घायल को जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार सोहन सहनी गुलाबबाग स्थित एक मकान में ढलाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए छत पर पहुंचा, तभी उसका सिर ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वह छत पर ही गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

जीएमसीएच में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिजनों और साथ काम करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। परिवार वालों ने बताया कि सोहन सहनी की शादी महज चार दिन पहले ही हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post