नीट पेपर लीक और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बहादुरगंज में हुए उग्र प्रदर्शन एवं पुलिस पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अंचलाधिकारी आशीष कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर बहादुरगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व करने के आरोप में 22 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के मद्देनजर पहले से ही प्रखंड के संवेदनशील चौक-चौराहों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात थे। दोपहर करीब एक बजे बहादुरगंज कॉलेज परिसर से 150 से 200 लोगों की भीड़ तख्ती, बैनर और डंडे के साथ जुलूस निकालते हुए बहादुरगंज-दिघलबैंक मुख्य मार्ग पर पहुंची। मिर्च मसाला रेस्टोरेंट और टीवीएस शोरूम के समीप प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। पुलिस द्वारा बार-बार शांति बनाए रखने की अपील के बावजूद स्थिति नहीं संभली।
हमले में डीएसपी मुख्यालय सुशील कुमार, बीडीओ अरुण कुमार सरदार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। उपद्रवियों द्वारा बीडीओ और डीडीसी की सरकारी गाड़ियों सहित अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप है।
पांच घंटे तक एनएच-327ई जाम
प्रदर्शनकारियों ने एलआरपी चौक पर बैरिकेडिंग तोड़कर राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई को करीब पांच घंटे तक बाधित रखा। इसके कारण एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस के अनुसार, घटना में सरकारी और निजी संपत्ति को लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है।
बिना अनुमति प्रदर्शन का आरोप
प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन उसे अस्वीकृत कर दिया गया था। इसके बावजूद सभा आयोजित कर भीड़ को उकसाया गया। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से आठ मोबाइल फोन जब्त किए।
40 से अधिक नामजद, 100-150 अज्ञात आरोपी
बहादुरगंज थाना कांड संख्या 460/26 के तहत गिरफ्तार 22 आरोपियों के अलावा 40 से अधिक नामजद तथा 100 से 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Post a Comment