:
बहादुरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के बीएसएनएल एक्सचेंज कार्यालय के पास एक ट्रक पर मकई लोड की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक आलम अंसारी ट्रक के ऊपर खड़ा था। तभी वह पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान गलगलिया के भातगांव शिकारी बस्ती निवासी आलम अंसारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को ट्रक से नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजते हुए परिजनों को घटना की सूचना दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि सड़क के किनारे से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई कम होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Post a Comment