:
किशनगंज। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना एक बार फिर दो युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ गया। नई बाइक खरीदने का उत्साह और रफ्तार का जुनून दो दोस्तों की जान ले बैठा। तेज गति से जा रही पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर कलवर्ट से टकरा गई, जिससे दोनों युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान गुवाबाड़ी गांव निवासी मिलन सोरेन (23), पिता सोम सोरेन तथा मौलानी गांव निवासी गिरीश हेम्ब्रम (22), पिता बुधरा हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों दोस्त गुरुवार को पोठिया निवासी अपने एक मित्र से मिलने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गनियाबाड़ी के समीप तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कलवर्ट से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पल्सर बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायल मिलन सोरेन की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए छत्तरगाछ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मिलन सोरेन की शादी महज आठ माह पहले हुई थी। उसने मेहनत से रुपये बचाकर दो माह पूर्व ही नई पल्सर बाइक खरीदी थी। नई बाइक मिलने के बाद वह काफी उत्साहित था। गुरुवार को दोस्त गिरीश हेम्ब्रम के साथ पोठिया अपने एक मित्र से मिलने निकला था, लेकिन रास्ते में यह सफर दोनों के जीवन का आखिरी सफर बन गया।
अस्पताल में दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर यह संदेश देता है कि तेज रफ्तार का रोमांच कुछ पल का होता है, लेकिन इसकी कीमत पूरी जिंदगी या कई बार जान देकर चुकानी पड़ती है। सड़क पर सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
Post a Comment