Top News

पंचर XUV से मिली 135 लीटर विदेशी शराब, तीन-चार तस्कर फरार


गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाकुरगंज-बहादुरगंज एनएच-327ई स्थित राजस्थानी ढाबा के समीप एक एक्सयूवी-700 वाहन से 135 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे वाहन में सवार तीन-चार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सूचना मिली थी कि राजस्थानी ढाबा के पास पंचर खड़ी एक एक्सयूवी-700 से काले रंग की थार में शराब की पेटियां उतारकर स्थानांतरित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही थार में सवार तीन-चार तस्कर वाहन लेकर फरार हो गए, जबकि पंचर पड़ी एक्सयूवी-700 और उसमें मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगड़िया जिले के सिद्धिघाट निवासी 24 वर्षीय किशन कुमार, पिता महेश सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन में शराब होने की जानकारी दी। तलाशी लेने पर पुलिस ने एक्सयूवी-700 से 15 कार्टन में पैक विभिन्न ब्रांड की कुल 135 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में फरार तस्करों की पहचान खगड़िया जिले के बखड़ी निवासी 20 वर्षीय पीयूष गुप्ता, 19 वर्षीय पीयूष पोद्दार तथा ननकू टोला निवासी 18 वर्षीय रितु कुमार सहित अन्य के रूप में हुई है। सभी आरोपी काले रंग की थार से फरार हुए।

बहादुरगंज थाना में गिरफ्तार आरोपी एवं फरार तस्करों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही शराब की खेप के स्रोत और इसके गंतव्य का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post