Top News

विधायक को सोशल मीडिया पर धमकी, कुख्यात आरोपी गिरफ्तार


 ठाकुरगंज के जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल को सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ठाकुरगंज पुलिस की विशेष टीम ने कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के मनिहारी टोला में छापेमारी कर मो. शाहिद उर्फ बबुआ को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।

मामला फेसबुक पर विधायक की तस्वीर के साथ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी और तस्वीर पर लाल रंग से क्रॉस का निशान बनाए जाने से जुड़ा है। विधायक ने इसे गंभीरता से लेते हुए ठाकुरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शाहिद उर्फ बबुआ के खिलाफ अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिले के अलग-अलग थानों में लूट, हत्या, डकैती, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस इन मामलों का सत्यापन कर रही है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ठाकुरगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। टीम ने कदवा थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सोशल मीडिया पर धमकी के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
विधायक ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post