Top News

25 एकड़ जमीन पर बेदखली के विरोध में आदिवासियों का प्रदर्शन


बहादुरगंज प्रखंड में झील किनारे स्थित करीब 25 एकड़ विवादित जमीन से बेदखली के डर और प्रशासनिक नोटिस के विरोध में शनिवार को सैकड़ों आदिवासी महिला-पुरुषों ने बहादुरगंज अंचल कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जनता दरबार का घेराव कर प्रशासन से वर्षों से चले आ रहे दखल-कब्जे की जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की।

मोहम्मदनगर पंचायत के शिवगंज-बालूबाड़ी क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों का कहना है कि वे दशकों से उक्त जमीन पर घर बनाकर रह रहे हैं और खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफिया और दलाल जमीन पर कब्जा कर खरीद-बिक्री की कोशिश कर रहे हैं।

प्रभावित परिवारों ने अधिकारियों से गरीब परिवारों के आशियाने और आजीविका को सुरक्षित रखने की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए करीब एक सप्ताह पूर्व पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने विवादित स्थल का निरीक्षण भी किया था।

राजस्व अधिकारी बहादुरगंज शमीम अख्तर ने बताया कि सरकारी रिकॉर्ड में जमीन दो-तीन अलग-अलग व्यक्तियों के नाम दर्ज है। दर्जनों आदिवासी व अन्य समुदाय के लोग वर्षों से इस जमीन पर बटाईदारी करते आ रहे हैं। शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन मामले की जांच कर कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post