Top News

कोसी एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत, रुकी रही पूर्णिया-पाटलिपुत्र स्पेशल


मुरलीगंज रेलवे ढाला संख्या-69 के पास शुक्रवार की अहले सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही जीआरपी, स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मुरलीगंज रेलवे स्टेशन से पश्चिम रेलवे ढाला संख्या-69 से करीब 500 मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। शव पिलर संख्या 57/5 एवं विद्युत एक्सटेंशन लाइन के पोल संख्या 57/10 के समीप था। शव मिलने के कारण पूर्णिया-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन को बुधमा स्टेशन पर करीब 20 मिनट तक रोकना पड़ा।

घटना की सूचना पर जीआरपी बनमनखी के राजीव कुमार सिंह, मुरलीगंज थाना के एसआई अभिषेक कुमार तथा आरपीएफ मधेपुरा के प्रभारी नवीन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरपीएफ प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि सुबह करीब ढाई बजे पटना की ओर जाने वाली कोसी एक्सप्रेस की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है। हालांकि, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद शव को उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post