Top News

अनुशासन से राष्ट्रसेवा तक, वीवीआरएस में एनसीसी कैडेट्स ने दिखाया जोश


युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल (वीवीआरएस), परोरा में एनसीसी ग्रुप कमांडर के दौरे एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 200 एनसीसी कैडेट्स और 100 सीटीओ, एएनओ, जीसीआई एवं पीआई ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में एनसीसी का जोश, अनुशासन और देशभक्ति की भावना देखने को मिली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनसीसी ग्रुप भागलपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण उनियाल रहे। उनके साथ 35 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल उमेश क्षेत्री, सूबेदार मेजर सुरेश चंद्र, प्रशिक्षण जेसीओ सूबेदार ज्ञानजीत सिंह एवं सूबेदार सिकंदर कुमार यादव उपस्थित थे। विद्यालय के सचिव इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा एवं प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन संकेत मिश्रा, अमृत आनंद, सोनाली कुमारी एवं सिद्धि ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में मिमिक्री के माध्यम से आराध्या शेखर ने दर्शकों का मनोरंजन किया, जबकि हर्षवर्धन मिश्रा ने गीत प्रस्तुत किया। समूह गीत में शारदा, रुचि, प्रज्ञा प्रियंवदा, सारिका सुमन, लावण्या, खुशी, निशिका, सेल्जा, सिद्धि एवं श्रुति ने सामूहिक प्रस्तुति दी। वहीं समूह नृत्य में अनन्या प्रिया, नीति राज, जानवी, सिद्धि सिंह, माही, प्रभजोत सोढ़ी, सांभवी एवं इशिका साह ने भारतीय संस्कृति और युवा प्रतिभा की मनमोहक झलक पेश की।
ब्रिगेडियर अरुण उनियाल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से अनुशासन, समय की पाबंदी, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट एनसीसी कैडेट्स को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सीटीओ, एएनओ, जीसीआई एवं पीआई को भी एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। विद्यालय परिवार की ओर से ब्रिगेडियर अरुण उनियाल का विशेष सम्मान किया गया।

विद्यालय के सचिव इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों के कैडेट्स और अधिकारियों की सहभागिता कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आपसी समन्वय, भाईचारा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद एनसीसी गीत प्रस्तुत किया गया। समापन के अवसर पर कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ “35 बिहार बटालियन एनसीसी की जय”, “भागलपुर ग्रुप की जय” एवं “भारत माता की जय” के उद्घोष किए, जिससे पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।

Post a Comment

Previous Post Next Post